एटा। जर्जर पाइप लाइन जगह-जगह से टूट चुकी है। इससे सुबह शाम हजारों लीटर पानी सड़क पर बह जाता है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पालिका के अधिकारी और कर्मचारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
नंहूमल चौराहा स्थित साईं बाबा के मंदिर की ओर सड़क के नीचे से गुजर रही पाइप लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। कई जगह पाइप लाइन पूरी तरह से डैमेज है। इससे सुबह शाम पानी सड़क पर बहता है और राहगीरों को परेशानी होती है। वहीं सड़क से होकर निकलने वाले भारी वाहनों को सड़क धसने का डर सताता है। मंदिर प्रंबंध कमेटी की ओर से नगर पालिका को लगातार शिकायत भी दर्ज कराई जा रही है। इसके बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
शिकोहाबाद रोड पर गड्ढा खोदकर भूल गए पालिकाकर्मी
सिर्फ नंहूमल चौराहा ही नहीं बल्कि शिकोहाबाद रोड पर ही पालिकाकर्मी पाइप लाइन को ठीक करने के लिए खोद गए गड्ढे को बंद करना भूल गए। जबकि शिकोहाबाद रोड पर दिनभर यातायात चलता है। दो तीन फुट गहरे गड्ढे में पानी भरा हुआ है। जिसमें देर रात कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मगर जिम्मेदार है कि वह अंजान बने हुए है।
सुबह पांच बजे तथा शाम को छह बजे करीब पानी चालू होता है। इसके बाद दो से ढाई घंटे तक पानी सड़क पर निकलता रहता है।
आलोक राजौरिया
हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बर्बाद होता है। पालिका को कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं। मगर कोई सुनने वाला नहीं है।
सुभाष चन्द्र
सड़क के नीचे होकर पाइप लाइन निकल रही है। डर लगता है कि कहीं अंदर ही अंदर पानी की वजह से सड़क न बैठ जाए।
मुकुल जौहरी
सड़क पर दिनभर भारी वाहन निकलते हैं। पानी की वजह से सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए है। डर लगता है कोई बड़ा हादसा न हो जाए।
धर्मेंद्र
अभी तक टूटी पाइप लाइन के बारे में जानकारी नहीं है। अगर पानी बर्बाद हो रहा है तो उसे रोका जाएगा। तत्काल पाइप लाइन को ठीक कराया जाएगा। जहां भी गड्ढा हो रहा है उसे बंद कराया जाएगा।
मीरा गांधी, पालिकाध्यक्ष - एटा
आंकड़ों पर नजर
05 घंटे सुबह शाम पानी की होती है सप्लाई
02 जगह टूटी हुई है पानी की पाइप लाइन
20 दिन से दोनों जगह बनीं हुई है समस्या