कासगंज। जिले के ओडीएफ घोषित हो जाने के बाद अब 2012 की सर्वे सूची से वंचित एवं इसके बाद शामिल हुए नए परिवारों के लिए भी सरकार शौचालय का निर्माण कराएगी। ऐसे वंचित परिवारों के लिए फिर से बेस लाइन सर्वे शुरू हो गया है।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत वर्ष 2012 में बेस लाइन सर्वे कराया। इस सर्वे में 193524 परिवार शौचालय विहीन चिह्नित किए गए। इन सभी परिवारों के लिए शौचालय निर्माण को धन जारी कर दिया गया। इनमें से अधिकांश शौचालय बन भी चुके है। 18 सितंबर को जिलेे को ओडीएफ घोषित कर दिया गया। इस सर्वे सूची के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जो नए परिवार शामिल हुए हैं या फिर जो परिवार किसी कारण से सर्वे सूची में शामिल होने से वंचित रह गए सरकार ने उनको भी शौचालय निर्माण योजना का लाभ देने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले की सभी 423 ग्राम पंचायतों के 647 राजस्व ग्रामों में सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विश्वनाथ सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 6 साल में जो नए परिवार शामिल हुए हैं या जो परिवार किसी कारण से 2012 की बेस लाइन सूची में शामिल होने से रह गए उन सभी के शौचालय बनबाए जाएंगे। सर्वे में जो परिवार चिह्नित होंगे उनकी सूची तैयार करके शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। जैसे ही शासन से ऐसे परिवारों को धन का आवंटन होगा उनके खाते में शौचालय निर्माण के लिए धन जारी कर दिया जाएगा।