प्रदेश के दुग्ध विकास, अल्पसंख्यक कल्याण और धर्मार्थ कार्य मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को चौधरी चरण सिंह का अनुसरण करने वाला बताया। वे बाबा परिमाल के 176 वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आगरा के अकोला में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को किसानों, गरीबों और मजदूरों का मसीहा इसलिए मानते हैं क्योंकि वो परिवारवाद के खिलाफ थे। यही गुण मौजूदा प्रधानमंत्री में भी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह कहते थे कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले और बिचौलियों को हटा दिया जाय तो स्वत: ही किसान खुशहाल होगा। वैसा ही मोदी जी ने कर दिखाया है। बताया कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व से दुग्ध उत्पादन में भी प्रदेश देश में एक नंबर पर है। कैबिनेट मंत्री ने अकोला क्षेत्र की समस्या और मांग को देखते हुए तहसील बनाने का आश्वासन दिया।
इससे पहले विशिष्ट अतिथि रहे डॉ केएस राणा ने अकोला क्षेत्र के 300 गांवों को शामिल कर अकोला को तहसील बनाने की मांग की थी। कहा कि इससे पूर्व की सरकारों द्वारा 20-25 गांवों की तहसील बन चुकी है। जाटों को आरक्षण दिए जाने की भी मांग की। अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने, संचालन हेमेंद्र शर्मा ने किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने बुजर्गों को सम्मानित किया। मौके पर केदार सिंह, भाजपा के जिला महामंत्री प्रशांत पौनिया, रंधीर सिंह, डॉ हुब्बलाल, ब्लॉक प्रमुख ओंकार सिंह चाहर, गोविंद सिंह चाहर, शंकरलाल लवानिया, बाबा निहाल सिंह, नथोली सिंह, जवाहर सिंह प्रधान, राजेंद्र सिंह प्रधान, रनवीर सिंह, हरेंद्र सिंह चाहर, बच्चू सिंह प्रधान नागर, महाराज सिंह सोलंकी, हरिओम सिंह, नारायण सिंह, ओंकार सिंह भगौर, सोबरन सिंह मैनेजर, चाहरवाटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हंभीर सिंह चाहर आदि मौजूद रहे।