जलेसर। मीट दुकानों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जलेसर में रविवार शाम को सैंपल लेने पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी से होटल मालिक ने अभद्रता कर दी और कागज फाड़ दिए। कोतवाली में होटल मालिक के खिलाफ तहरीर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि वह शाम को खाद्य सहायक चंद्रप्रकाश के साथ बसंत वाटिका के सामने दरगाह स्थित मीट होटल बिस्मिल्लाह पर सैंपल लेने गए थे। उन्होंने होटल मालिक से पंजीकरण मांगा, जिसे काफी देर बाद दिखाया गया। होटल में गंदगी मिली। मीट की गुणवत्ता में संदेह होने पर उन्होंने सैंपलिंग प्रक्रिया शुरू की।
तभी होटल मालिक अनीस पुत्र यासीन निवासी मोहल्ला खदयान ने कुछ साथियों के साथ शोर मचा दिया और हाथ से कागजात लेकर फाड़ दिए। होटल मालिक ने अभद्रता करते हुए अधिकारी को धक्का देकर होटल से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने जलेसर कोतवाली में सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।