फरह (मथुरा)। सेना में नौकरी लगवाने के एवज में हजारों रुपये हड़पने वाला जालसाज फरह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इस जालसाज ने हत्या के मुकदमे से नाम निकलवाने के एवज में भी ग्रामीणों से ठगी की है। पुलिस ने इसके कब्जे से 21 हजार रुपये, मोबाइल और कागजात बरामद किए हैं।
फरह पुलिस ने गांव दौलतपुर के पास से जालसाज को पकड़ा है। थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि पकड़ा गया आगरा के शिवलाल का गुर्जा (थाना पिढ़ौरा) निवासी दिनेश पुत्र जगराम है।
फरह के गांव दौलतपुर निवासी संजय पुत्र होरीलाल ने मुकदमा दर्ज कराया था कि दो माह पूर्व पींगरी के एक बुजुर्ग की हत्या में तीन आरोपियों के नाम निकलवाने के एवज में दिनेश ने रुपये लिए थे। इसके अलावा नौकरी के एवज में गांव दौलतपुर के ओमप्रकाश से 30 हजार रुपये और गांव बिसू के मुकेश से 10 हजार रुपये हड़पे हैं। यह मोबाइल की आईडी पर सेना की ड्रेस पहने फोटो लगाकर अपने को सेना का जवान बताता था। पकड़े गए जालसाज से आर्मी इंटेलीजेंस ने पूछताछ की है।