वृंदावन (मथुरा)। प्राचीन राधा श्यामसुंदर मंदिर के तत्वावधान में बुधवार की रात कृष्ण जन्माष्टमी नंदोत्सव पर नगर संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा में सप्त देवालयों के साथ विभिन्न मंदिर के सेवायत, संप्रदायों संत महंत, तीर्थ पुरोहित समाज और स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
संकीर्तन यात्रा का शुभारंभ यमुना पूजन के साथ हुआ। संकीर्तन यात्रा में ठाकुर श्री बांके बिहारी, राधादामोदर, भगवान शिव, राधाश्याम सुंदर, राधारमण, राधारानी आदि देवालयों के श्रीविग्रहों की झांकी निकाली गई। संकीर्तन यात्रा में फूलों से सुसज्जित डोलों में ठाकुरजी की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुईं थीं। वहीं डोलाें के साथ चल रहे मंदिर सेवायत श्रद्धालुओं को फल, मेवा सहित प्रसाद आदि लुटाते चल रहे थे।
संकीर्तन यात्रा का आरती उतारकर स्वागत किया गया। जगह जगह ठाकुरजी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
राधा श्यामसुंदर मंदिर के सेवायत कृष्ण गोपालानंददेव गोस्वामी, महंत श्रीहित लाड़िलीशरण महाराज, महंत नारायणदास, मनीष शुक्ला, राकेश अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।