फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। झगड़े की रंजिश में एक युवक को दिनदहाड़े घनी बस्ती में गोली मार दी। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। परिवारीजन चीख पुकार करते हुए घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर ले गए।
रविवार दोपहर मोहल्ला लाला की सराय निवासी शमशाद उर्फ चंदू (23) पुत्र शहजाद घर के पीछे वाली गली में दोस्त के पास बैठा था। तभी इसका एक युवक से विवाद होने पर दूसरे युवक ने शमशाद पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली चंदू के पेट में लगने से वो घायल हो गया। फायरिंग और चीख पुकार से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी युवक भाग गया।
गोली कांड की जानकारी होते ही परिजन चीख पुकार करते हुए मौके पर पहुंचे और घायल को लेकर फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां हालत गंभीर देख उसे आगरा रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे पुराना झगड़ा बताया गया है। पिछले सप्ताह भी दोनों पक्ष में झगड़ा होने पर आरोपी ने खुलेआम फायरिंग की थी। मामला थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई किए बिना दोनों में समझौता करा दिया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अब पुलिस तहरीर आने पर कार्रवाई की बात कह रही है।