एटा। बुधवार को दहेज की खातिर एक और विवाहिता की हत्या कर दी। विवाहिता की हत्या के बाद ससुरालीजन शव को घर में ही छोड़कर फरार हो गए। मायका पक्ष ने शव का परीक्षण कराकर दहेज हत्या की रिपोर्ट लिखा दी है।
थाना सिढपुरा के गांव हमीरपुर निवासी खुशीराम ने बताया कि उसने अपनी 20 वर्षीय बेटी शारदा की शादी मलावन थाना क्षेत्र के गांव मधूपुरा निवासी कैलाश चंद्र के पुत्र सर्वेश कुमार के साथ की थी। शादी के दौरान काफी दान दहेज व अपाचे मोटर साइकिल दी थी। इसके बाद भी वर पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न किया जाने लगा। इसकी शिकायत विवाहिता ने अपने मायके में भी कई बार की थी। बुधवार की दोपहर विवाहिता की ससुरवालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद ससुरालीजन लाश को घर में ही छोड़कर भाग गए। घटना की जानकारी गांव के लोगों ने मृतका के मायके वालों को दी गई। उन्होंने पुलिस को बुलाकर लाश का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।