मैनपुरी। तेज हवा और बारिश से बुधवार की देर रात देहात के सात फीडरों के 400 गांवों की बत्ती गुल रही। लोगों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग को बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन चार खंभे जरूर टूटे। कई स्थानों पर ढीले और जर्जर तारों के आपस में टकराने से सात फीडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई। विभाग की टीमों ने मशक्कत करके गुरुवार दोपहर दो बजे तक सभी फीडरों से आपूर्ति चालू करा दी।
बुधवार की आंधी और बारिश के बाद गुरुवार की सुबह बिजली विभाग की टीमें तकनीकी कर्मचारियों के साथ तार सही करने में लग गईं। पांच स्थानों पर बिजली के टूटे खंभे सही करके उन पर तार खींचने के बाद आपूर्ति चालू करने में कर्मचारियों के पसीने छूट गए। अधीक्षण और अधिशासी अभियंता लगातार संबंधित एसडीओ और जेई को निर्देश देते रहे।
दन्नाहार, कुचेला, कुसमरा, किशनी, कुर्रा, बिछवां और बरनाहल फीडर के प्रभावित क्षेत्रों में दोपहर दो बजे आपूर्ति सुचारु कर दी गई। अधीक्षण अभियंता उमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि ज्यादा खंभे नहीं टूटने से विभाग को नुकसान तो नहीं हुआ है लेकिन आपूर्ति सुचारु रखने के लिए कई स्थानों पर जर्जर तारों को बदलवा दिया गया है।