बैरक में चली गोली, सिपाही घायल
- फोटो : अमर उजाला
अलीगंज। बैरक में अचानक तमंचे से चली गोली से सिपाही घायल हो गया। आनन फानन में घायल सिपाही को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। उधर, बैरक में तमंचे से चली गोली को लेकर मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं चौकीदार ने सिपाही के खिलाफ अवैध तमंचा रखने को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली में तैनात सिपाही शिव प्रकाश शेखर पुत्र सुभाषचंद्र निवासी हसनपुर थाना भानपुर जिला मेरठ अलीगंज कोतवाली में तैनात हैं। सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बैरक में था। तभी तमंचे से चली गोली उसके पैर में लग गई। गोली की आवाज सुनते ही थाने में बैठे प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार बैरक में पहुंच गए।
आनन-फानन में सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर सीओ अजय भदौरिया मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बैरक का निरीक्षण किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिपाही के पास तमंचा था, जो लोड था और वह अचानक चल गया। और गनीमत रही कि गोली पैर में लगी।
बैरक में तमंचा कहां से आया, मामले की जांच कराई जा रही है। चौकीदार रामसिंह द्वारा सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
अजय भदौरिया, सीओ अलीगंज