ड्रोन कैमरों से होगी प्रदर्शनी की निगरानी
- फोटो : अमर उजाला
एटा। रंग महोत्सव 2018 के आयोजन को भव्य बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 19 जनवरी को उद्घाटन की तारीख तय होने के बाद प्रदर्शनी के व्यवस्थापन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को डीएम अमित किशोर और एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि प्रदर्शनी पांडाल का आकार 2400 वर्ग फीट में होगा। जिसमें 200 फुट लंबाई और 120 फुट चौड़ा पांडाल बनेगा। पांडाल में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। एसएसपी ने बताया कि प्रदर्शनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेेकर 40 सीसीटीवी कैमरे और चार ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। महोत्सव में देशभर से करीब 200 दुकानदार भाग लेंगे। एडीएम न्यायिक राम अरज यादव, एएसपी संजय कुमार, सीओ वरुण सिंह, कोतवाली नगर प्रभारी पंकज मिश्रा समेत तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके लिए हर विभाग के अधिकारियों को दायित्व दे दिए गए हैं।
नुमाइश हादसों को लेकर गंभीर जिला प्रशासन
रंग महोत्सव परिसर में बेहतर विद्युत व्यवस्थाएं एवं पूर्ण सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। परिसर के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार की हाईटेंशन लाइन को भी हटाया जाएगा। ताकि किसी भी विद्युत हादसे व अनहोनी को टाला जा सके। विगत दिनों जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। विद्युत अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण कर ऊपर से गुजर रही साढ़े तीन सौ मीटर से अधिक की एचटी लाइन को चिन्हित कर इसे हटाने की तैयारी कर ली है। हालांकि नुमाइश के लिए अभी तक विद्युत कनेक्शन आवेदन नहीं किया गया है। बताते चलें कि एक माह तक चलने वाली नुमाइश के लिए प्रदर्शनी संयोजक अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेते हैं। विद्युत अधिकारियों के अनुसार कनेक्शन आवेदन मिलते ही लोड के अनुसार संयोजन स्वीकृत कर दिया जाएगा।
नुमाइश मैदान की विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मैदान के ऊपर से गुजर रही साढ़े तीन सौ मीटर की एचटी लाइन को हटाने की तैयारी है। एसडीओ टीम से लाइन का सर्वे करा लिया गया है।
जगतराम, अधिशासी अभियंता नगरीय खंड एटा