पांच मार्च से प्रस्तावित सीबीएसई परीक्षा में जिले के 18 विद्यालयों के ढाई हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
लंबे इंतजार के बाद सीबीएसई हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा कार्यक्रम जारी हो गया है। स्कीम आते ही परीक्षार्थी गंभीर हो गए हैं। वहीं संस्थाएं भी अधूरे कोर्स एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं को पूरा कराने में जुट गई हैं। कासगंज जिले के दस विद्यालयों की परीक्षाएं कासगंज में बनाए जा रहे परीक्षा केंद्रों पर ही संपन्न होंगीं। जबकि जिले में संचालित 18 सीबीएसई स्कूलों के ढाई हजार से अधिक बोर्ड परीक्षार्थी जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे। प्रधानाचार्य बिंदु जायसवाल के अनुसार एक बोर्ड के चलते इस बार हाईस्कूल परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ेगी।
प्रैक्टीकल परीक्षाएं 16 से
सदस्य बिंदु जायसवाल के अनुसार हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की प्रैक्टीकल परीक्षाएं 16 जनवरी से शुरू होंगी। परीक्षकों की सूची जारी कर दी गई है।
तीन परीक्षा केंद्र नामित
केंद्रीय बोर्ड ने जिले में तीन परीक्षा केंद्र नामित किए हैं। इनमें आसिसी कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक एवं श्याम बिहारी पब्लिक स्कूल शामिल है।
मूल्यांकन केंद्र भी प्रस्तावित, आदेश का इंतजार
इस वर्ष जिले में बोर्ड उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन केंद्र भी प्रस्तावित किया गया है। सिटी कोआर्डिनेटर डॉ राम मोहन ने बताया कि मूल्यांकन केंद्र का प्रस्ताव भेजा गया है। आदेश का इंतजार है।
बोर्ड कक्षाओं का कोर्स पूरा हो चुका है। प्री-बोर्ड परीक्षाएं कल समाप्त हो जाएंगी। फाइनल एग्जाम के लिए परीक्षार्थी तैयार हैं।
बिंदु जायसवाल, प्रधानाचार्य ट्यूलिप सीनियर सेकेंडरी स्कूल
कोर्स के साथ ही प्रीबोर्ड परीक्षाएं भी समाप्त हो चुकी हैं। इन दिनों 16 जनवरी से प्रस्तावित प्रैक्टीकल की तैयारियां जारी हैं। परीक्षकाें का कार्यक्रम मिलते ही प्रैक्टीकल भी संपन्न हो जाएंगे।
सिल्विया दास, प्रधानाचार्य, सेंट पाल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल
परीक्षार्थी बोले, कोर्स पूरा, हम परीक्षाओं के लिए तैयार
परीक्षा कार्यक्रम जारी होने से उत्साहित बोर्ड परीक्षार्थियों का कहना है कि कोर्स पूरा हो चुका है, वे परीक्षाओं के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
ट्यूलिप सीनियर सेकेंडरी के बोर्ड परीक्षार्थी बुलबुल यादव व सृजन दीक्षित का कहना है कि कोर्स पूरा हो चुका है। इन दिनों रिवीजन जारी है। प्रैक्टीकल परीक्षाओं का इंतजार है।
डॉ लोकमन दास सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सिद्धार्थ, अंकित राठौर, कल्पना यादव व अंजलि पाठक के अनुसार वे परीक्षा के लिए तैयार हैं। अगले सप्ताह प्रस्तावित प्रैक्टीकल के बाद परीक्षाओं तक विषयों का रिवीजन जारी रहेगा।