बिछवां (मैनपुरी)। जीटी रोड पर नगला जीसुख गांव के समीप बुधवार को टैंकर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाइक पर सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। चालक की गिरफ्तारी की मांग करत हुए जीटी रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे समझाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने टैंकर और चालक को पकड़ भी लिया है।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव नगला खरा निवासी विमल उर्फ बीटू बुधवार को गांव के वीरसहाय और उसके पुत्र जोनी, पुत्री सोनी के साथ उसकी रिश्तेदारी लखौरा एटा से लौट रहे थे। दोपहर जब उनकी बाइक बिछवां क्षेत्र के जीटी रोड पर नगला जीसुख गांव के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी।
इस दौरान बेकाबू हुआ टैंकर बगल से गुजर रही एक दूसरी बाइक को भी टक्कर मारते हुए निकला। इस हादसे में बीटू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वीरसहाय, जोनी और सोनी और दूसरी बाइक पर सवार जान मोहम्मद निवासी भवानी नगर भोगांव भी घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भेजा।
वहां चिकित्सकों ने बीटू को मृत घोषित कर दिया। वीरसहाय को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम को खुलवाने के प्रयास किए मगर ग्रामीणों ने किसी की बात नहीं मानी।
करीब आधा घंटा तक लगे इस जाम को थानाध्यक्ष के समझाने के बाद खोला गया। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि ट्रक चालक संजेश निवासी गांव अर्जुनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को भी कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया है।
वाहन चलाते समय ज्यादातर लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं। जिसके कारण वे अपनी जान तक गवां देते हैं। बुधवार को बिछवां में हुए सड़क हादसे में भी यही हुआ। मृतक बीटू अगर हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार जान मोहम्मद ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।