फिरोजाबाद। जिले के 2,152 परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 1,49,825 बच्चों को जल्द ही फुल स्वेटर की सौगात मिलेगी। इसके लिए सरकारी ई-मार्केट प्लेस (जेम) पोर्टल पर क्रय आदेश जारी किया जाएगा। क्रय आदेश के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता की आईडी बनाने का कार्य शुरू हो गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग पहली बार बच्चों के सामान के लिए सरकारी ई-मार्केट प्लेस से खरीददारी करेगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक का आदेश मिलते ही स्वेटर खरीद के लिए कार्रवाई शुरू हो गई है। जिन बच्चों को जूता और मोजा मिलेगा, उन्हीं बच्चों को निशुल्क स्वेटर का वितरण किया जाएगा। फुल स्वेटर का रंग कत्थई होगा।
जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता हरीश कुमार का कहना है कि जेम पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए आईडी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कोशिश है कि जल्दी से जल्दी स्वेटर खरीद को क्रय आदेश दिए जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।