शिकोहाबाद। स्कूल से बच्चों को लेकर आ रही प्राइवेट वैन में अचानक आग लग गई। आग की लपटों को देख स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। आग बुझते ही चालक गाड़ी को लेकर भाग गया।
रुकनपुर मोहल्ला निवासी मुकीम के बच्चे स्टेशन रोड स्थिति एक में पढ़ते हैं। मुकीम अपने बच्चों के साथ ही मोहल्ले के ही अन्य बच्चों को भी वैन में बैठाकर लाता-ले जाता है। शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद मुकीम गाड़ी में बच्चों को लेकर घर आ रहा था। तभी पक्का तालाब पर वैन का पेट्रोल खत्म हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुकीम ने पेट्रोल डालकर जैसे ही वैन को चालू किया, उसमें आग लग गई। आग की लपटें देख वैन में बैठे बच्चों की चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि वैन की खिड़की खुली थी। इससे स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे आनन फानन में वैन से बाहर आ गए। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। जैसे ही आग बुझी चालक कार को लेकर भाग खड़ा हुआ।
जानकारी होने पर बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को अपने साथ घर ले गए। वैन में बैठे छात्र सोएव पुत्र जफर का बस्ता जल गया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि वैन में करीब आठ बच्चे सवार थे।
वहीं स्कूल निदेशक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उनके स्कूल के ज्यादातर बच्चे स्कूल की बस से जाते हैं। कुछ बच्चों को अभिभावक अपने साथ ले जाते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों को ले जाते समय सावधानी बरतने की हिदायत दी जाएगी।