शिकोहाबाद। नगर पालिका में पिछले पांच साल में हुए कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर विधायक ने पालिका में पिछले पांच सालों में हुए कार्यों में भ्रष्टाचार की जानकारी मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर दी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
भाजपा विधायक डॉ.मुकेश वर्मा सड़क लोकार्पण कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में पिछले पांच सालों में 400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। कई बनी हुई सड़कों को दोबारा बना कर उनका पैसा साठगांठ कर हड़प कर लिया। जनता का पैसा जनता की भलाई के कार्यों में ही प्रयोग किया जाना चाहिए। विधायक ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नगर पालिका के पिछले पांच साल के कार्यों की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि नगर पालिका ने सड़क का निर्माण कार्य कराया था, उस समय नाला भी बना था। मैनहोल बंद कराने के लिए साढ़े छह लाख रुपये का ठेका पालिका द्वारा उठाया गया था। लेकिन आज तक मैनहोल बंद नहीं हो सके हैं। आए दिन लोग साइकिल और बाइक समेत गिर कर चुटैल होते हैं। नालों की सफाई न होने की शिकायत की। विधायक ने अधिशाषी अधिकारी को मैनहोल बंद कराने तथा सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।