एटा। पहले जिले के लिए मिसाल बने, अब उनकी मिसाल पूरे देश में धूम मचाने जा रही है। नेत्रहीन सुरेश की पहल को जिला प्रशासन ने हाथों-हाथ लेते हुए विशेष पहल की। बकरियों को बेचकर शौचालय बनवाने वाले नेत्रहीन सुरेश के जीवन पर डीएम अमित किशोर ने शॉर्ट टेलीफिल्म का निर्माण कराया। मिसाल स्वच्छ संकल्प से स्वच्छ सिद्धि नामक इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म प्रतियोगिता में शामिल करने के लिए भेजा गया है।
जिले के गांव रामई हेतमशाह निवासी नेत्रहीन सुरेश ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौचमुक्त अभियान में मिसाल कायम की। उन्होंने अपनी पुत्रवधू सुहानी की मांग पर बकरियां बेचीं और घर में शौचालय बनवाया। उनकी पहल को जिला प्रशासन ने हाथों हाथ लिया और अब मिसाल को देशभर में कायम कराने के लिए पहल की है। जिले की मिसाल बने सुरेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी सम्मानित कर चुके हैं।
पिछले दिनों जागो इंडिया प्रोडक्शन के बैनर तले डीएम अमित किशोर ने सुरेश के जीवन पर शॉर्ट फिल्म का निर्माण कराया है। कई दिनों तक निर्देशक विजय वर्मा के नेतृत्व में टीम ने गांव पहुंचकर शूटिंग की। करीब तीन मिनट की इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए डीएम ने उच्चाधिकारियों को भेजा है। इसके साथ ही फिल्म की सीडी पीएम, सीएम समेत कई अन्य प्रदेशों के सीएम को भेजी गई है।
निर्देशक विजय वर्मा बताते हैं कि सुरेश की कहानी सचमुच लोगों की सोच को बदलने वाली है। इसका सम्मान करते हुए यह फिल्म तैयार की हैं। उम्मीद है कि फिल्म को भरपूर समर्थन मिलेगा।
वहीं डीएम अमित किशोर ने अपने फेसबुक पेज पर फिल्म का लिंक साझा करते हुए सभी लोगों से इसको ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की है। इस फिल्म को लोग भी बढ़-चढ़कर साझा कर रहे हैं।