फिरोजाबाद। जिला मुख्यालय दबरई बिजलीघर पर मंगलवार को दोपहर में मशीन चेक करते समय अचानक ओसीबी में ब्लास्ट हो गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात एसएसओ गंभीर रूप से झुलस गया। घटना बड़ा हादसा होते बचा।
दबरई बिजलीघर पर आलमपुर निवासी एसएसओ वीरेंद्र सिंह पुत्र होरीलाल तैनात है। वह दोपहर करीब दो बजे मशीन चेक करा रहा था, उसी समय अचानक ओसीबी में ब्लास्ट हो गया।
मशीन में आग लगने से एसएसओ गंभीर रूप से झुलस गया। ओसीबी में ब्लास्ट होने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गया। कर्मचारियों ने घटना की सूचना एक्सईएन आरबी रॉय, एसडीओ व जेई को दी।
सूचना पर तत्काल एक्सईएन ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। घायल एसएसओ ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण मशीनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। पूर्व में भी मशीन में ब्लास्ट होने की घटनाएं हो चुकी हैं।
पूर्व में भी कर्मचारी घायल हो चुके हैं। मशीन बदलवाने को कई बार सूचित कर चुके हैं, परंतु विभागीय अधिकारी सुनवाई नहीं करते। इधर मशीन में ब्लास्ट होने के कारण करीब ढाई घंटे तक सप्लाई बाधित रही। मशीन ठीक न होने पर दूसरी मशीन से जोड़कर साढ़े पांच बजे सप्लाई चालू की गई।