मथुरा। अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के बाद मथुरा में चौकसी बढ़ा दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, रिफाइनरी और छावनी क्षेत्र में विशेष सतर्कता रही। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी चेकिंग की गई। बाजारों में पुलिस ने गश्त की।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान हाई सिक्योरिटी जोन में है। यहां हर वक्त कड़ी सुरक्षा रहती है लेकिन अमरनाथ यात्रा पर हुए हमले के बाद और चुस्त दुरुस्त कर दी गई है। जन्मस्थान के बाहर फोर्स ने गश्त कर जगह जगह चेकिंग भी की।
आर्मी कालोनी में पहचान पत्र देखने के बाद ही जाने दिया। रिफाइनरी में भी गेट पर सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। किसी को बिना चेकिंग के प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों पर भी चौकसी रही। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। एसपी सिटी श्रवण कुमार ने बताया कि हाई अलर्ट के चलते सभी जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई है।