फिरोजाबाद। सरसों का तेल, बेसन, दूध, दाल सभी में मिलावट बडे़ पैमाने हो रही है। पूर्व में लिए गए 67 नमूनों में से 34 नमूने फेल हो गए। इनमें अरहर की दाल, सरसों के तेल में मिलावट सामने आई है। इनमें ऐसे रसायन मिले हैं, जो मानव जीवन के लिए पूरी तरह असुरक्षित हैं।
अक्तूबर माह में बंबा चौराहा से सुरेश पुत्र देवीराम की दुकान से साबूदाने का नमूना लिया गया था। साबूदाने का नमूना फेल हो गया। अरंाव से राकेश उर्फ कालिया की दुकान से लिया सरसों के तेल का नमूना फेल हुआ है। निजामी बस्ती टूंडला से राकेश पुत्र रामकिशोर हल्दी पाउडर का नमूना फेल हुआ। महाव देव नगर स्थित न्यू बालाजी इंटर प्राइसेस से अमोल ब्रांड का सोस का नमूने में हानिकारक केमिकल पाए गए।
टूंडला में एटा रोड स्थित सुखवीर पुत्र किशनलाल की दुकान से लिया गया रिफाइंड का नमूना फेल हो गया। शिकोहाबाद के बड़ा बाजार में शैलेंद्र कुमार पुत्र रामपाल गुप्ता की दुकान से अरहर की दाल का नमूने में भी दाल पर पॉलिश मिली। जसराना में महावीर पुत्र रामपाल गुप्ता की दुकान से लिए गए सरसों के तेल में हानिकारक केमिकल पाया गया।
गंज मोहल्ला स्थित मोहनचंद्र पुत्र मानिक जैन और सुहागनगर चौराहा से राहुल कुमार पुत्र कृष्णमणि गुप्ता की दुकान से लिए गए नमूने भी फेल हो गए। जिला अभिहित अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इनके खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमा दायर किया जाएगा।
बेकरी पर छापामार लिए नमूने
फिरोजाबाद (ब्यूरो)। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी बीएस कुशवाह के नेतृत्व में विनय यादव ने शीतल खां रोड स्थित सुल्तान बेकरी पर छापामार कार्रवई की। साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया गया। वहीं, फेन का नमूना भी संकलित किया गया। इधर, सुहागनगर स्थित राजेश गुप्ता के आरओ वाटर प्लांट से पानी का नमूना लिया।