एटा। विगत माह मोहल्ला हाजीपुरा स्थित अंजना नर्सिंग होम को छापे के बाद सील किया गया था। इस प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की ओर से नर्सिंग होम के डाक्टर पर एफआईआर भी करा दी गई। शनिवार को नर्सिंग होम की सील खोलकर निरीक्षण किया गया और पुलिस ने फिर से सील लगा दी।
अंजना नर्सिंग होम पर अवैध गर्भपात कराने की शिकायतें जिला प्रशासन को मिली थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीएम आईपी पांडेय के निर्देश पर एएसडीएम शिव सिंह और जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा की संयुक्त टीम ने मोहल्ला हाजीपुरा स्थित नर्सिंग होम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई आपत्तिजनक चीजें नर्सिंग होम में मिलीं। इस पर झोलाछाप नोडल अधिकारी डा. आरएन गुप्ता को बुलाकर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया। इस दौरान नर्सिंग होम की मुख्य संचालिका अधिकारियों को चकमा देकर भागने में सफल रही थी। अंजना नर्सिंग होम का पंजीकरण डा. वेद प्रकाश वर्मा के नाम से था। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने डाक्टर को नामजद करते हुए कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत करा दिया। इस मामले की जांच पुलिस को मिली तो एक बार फिर शनिवार को एएसडीएम शिव सिंह, प्रज्ञा शर्मा, डा. आरएन गुप्ता और पुलिस का जांच अधिकारी अंजना नर्सिंग होम पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूर्व में लगाई गई सील को तोड़कर नर्सिंग होम का निरीक्षण किया और पुलिस की मौजूदगी में पुन: सील लगा दी। नोडल अधिकारी डा. आरएन गुप्ता ने बताया है कि अधिकारियों के निर्देश पर ऐसा किया गया है। मामले की जांच पुलिस को सौंपी गई है, जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी।