कासगंज। जिले में चुनाव को शांतिपूर्वक कराने के लिए जिले के हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर हैं। 754 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों में 32 जेल में हैं और 60 हिस्ट्रीशीटर लापता हैं। लापता हिस्ट्रीशीटर अपराधी पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती हैं। इनके बारे में पुलिस पर कोई सूचना नहीं है। पुलिस ने लापता हिस्ट्रीशीटरों की खोज तेज कर दी है।
जिले में पुलिस पूरी तरह से चुनाव को शांतिपूर्वक कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन चाहता है कि मतदान के दिन किसी भी तरह की अशांति किसी भी मतदान केंद्र पर न हो। इसके लिए पूरी योजना पुलिस ने तैयार की है। जिलेभर में 20 हजार से अधिक लोगों को पाबंद करने की तैयारी है। इसमें करीब 5000 लोगों को शांतिभंग की धाराओं में पाबंद किया जा चुका है। अब हिस्ट्रीशीटरों की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस तैयारी कर रही है। जिले के सभी दस थाना क्षेत्रों में 754 हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें से 32 हिस्ट्रीशीटर जेल में हैं। वहीं तकरीबन 60 हिस्ट्रीशीटरों की पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। लापता हिस्ट्रीशीटर चुनाव की शांति को प्रभावित कर सकते हैं। पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को रडार पर लिया है और एक-एक हिस्ट्रीशीटर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
- हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सभी थानों के प्रभारियों को निर्देशित किया जा चुका है। हिस्ट्रीशीटरों का पुलिस सुराग लगाए और उन्हें गिरफ्तार करे।
अशोक कुमार शुक्ल, एसपी