कासगंज। स्कूलों से बिना बताए अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बीएसए ने ऐसे ही तीन शिक्षकों के खिलाफ सेवा समाप्ति के नोटिस भेजे हैं।
जनपद में 997 प्राथमिक तथा 437 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में तैनात शिक्षक विद्यालयों में जाकर शिक्षण कार्य को प्राथमिकता नहीं देते। ऐसे मामले लगातार ही सामने आ रहे हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय तारापुर सोरों में तैनात शिक्षक राजेंद्र जुलाई 2015 से अनुपस्थित चल रहे हैं। इसी तरह उच्च प्राथमिक विद्यालय गडऱपुरा की शिक्षिका रागनी भी जुलाई 2015 से नहीं आ रहे। जबकि भुसावली के प्राथमिक विद्यालय पर तैनात शिक्षक गौरी शंकर जुलाई 2018 से अनुपस्थित हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ।
पहले भी छह शिक्षकों को भेजे गए नोटिस
कासगंज। पटियाली के नगला मोनी पर तैनात शिक्षिका दीप्ति जैन, गंजडुंडवारा के प्राथमिक विद्यालय नगला घवरा पर तैनात शिक्षिका मीना शर्मा, प्राथमिक विद्यालय नगला मूंजा पर तैनात शिक्षिका कंचन गुप्ता, अजीतपुर में तैनात शिक्षिका विनोद, सिढ़पुरा के प्राथमिक विद्यालय नगला गोंद प्रथम पर तैनात शिक्षिका प्रेम प्यारी और वंदना गुप्ता भी डेढ़ साल से अनुपस्थित पाई गईं। इनको भी पिछले दिनों नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई जवाब नहीं आया है।
अनुपस्थित शिक्षकों को सेवा समाप्ति के नोटिस भेजे दिए गए हैं। जबकि पूर्व में भेजे गए नोटिस का अभी कोई जवाब नहीं आया है। अंजली अग्रवाल बेसिक शिक्षा अधिकारी