छटीकरा(मथुरा)। फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स की आगरा-दिल्ली हाईवे पर छटीकरा के पास सड़क पार करते वक्त ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वह बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने वृंदावन आई थीं। मौके पर चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची जैंत पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया।
फिरोजाबाद के सुहानगर की माता वाली गली निवासी माधुरी देवी (57) पत्नी किशन कुमार जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स थीं। शनिवार की रात वृंदावन दर्शन को आईं थी। आगरा से रोडवेज बस में आई स्टाफ नर्स छटीकरा चौराहे पर उतरीं। इसके बाद वह हाईवे पार करते हुए आगे चलीं तभी दिल्ली की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। मौके पर ही स्टाफ नर्स की मौत हो गई।
भीड़ को अपनी तरफ आता देख चालक ट्रक को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। हाईवे की एक साइड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची जैंत पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी। मृतका के बेटे विशाल ने बताया कि उनकी मां वृंदावन दर्शन को गई थीं। चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि तहरीर आने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।