वृंदावन (मथुरा)। रविवार को वात्सल्य ग्राम में निशुल्क नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर के समापन समारोह में पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लोगों को 40 करोड़ की सौगात दी है। उन्होंने मथुरा-वृंदावन मार्ग को फोर लेन किए जाने की योजना को हरी झंडी दिखा दी।
उन्होंने कहा इस मार्ग के निर्माण के लिए संगठन के लोगों ने उनसे कई बार कहा था। उन्हें आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का भी उन्हें ब्यौरा दिया गया है। डिप्टी सीएम ने बताया कि सड़क दुर्घटना एवं बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए उनके मंत्रालय ने मथुरा वृंदावन मार्ग को 40 करोड़ की लागत से फोर लेन बनाए जाने का निर्णय लिया है। कुछ रुकावटें हैं उनको दूर कर जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने कहा वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में जनता ने हमें यकीन से अधिक प्यार दिया। राम मंदिर निर्माण का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीद जल्द पूरी होगी। साध्वी ऋतंभरा ने वात्सल्य ग्राम के प्रकल्पों में सहयोग देने वालों की सराहना करते हुए नेत्र चिकित्सक डा. श्याम अग्रवाल को वात्सल्य ग्राम का अध्यक्ष और विक्रम वाधवा को महासचिव घोषित किया।
कार्यक्रम में गोवर्धन विधायक कारिंदा सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, संजय भैया, अतुल कृष्ण भारद्वाज, मारुति नंदन बागीश, मथुरा वृंदावन महानगर अध्यक्ष चेतन पराशर, तेजवीर सिंह, रविकांत गर्ग, मुरारी लाल अग्रवाल, तरुण सेठ, जय भगवान अग्रवाल, मधु शर्मा, मुदिता शर्मा, महेश खंडेलवाल, विभोर प्रकाशम उपस्थित थे
मंदिर निर्माण का निर्णय सुप्रीम कोर्ट को लेना है
वृंदावन। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 10 जनवरी से सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर निर्माण को लेकर के सुनवाई होने वाली है। एक राम भक्त होने के नाते मुझे भी इस सुनवाई की प्रतीक्षा रहेगी। रामजन्म भूमि न्यास समिति के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज द्वारा अध्यादेश लाकर मंदिर निर्माण कराए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मैं महंत नृत्य गोपालदास महाराज का बहुत सम्मान करता हूं लेकिन जो भी निर्णय लेना है वह सुप्रीम कोर्ट लेना है। अखिलेश यादव द्वारा जांच एजेंसी सीबीआई पर उठाए सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी निष्पक्षता कार्रवाई कर रही है। राजनीतिक दलों को किसी भी जांच एजेंसी के खिलाफ बयान देने से पूर्व पहले सोच लेना चाहिए, इसका समाज में नकारात्मक असर पड़ता है। अगर राजनीतिक दल यह समझते हैं कि चुनाव से पूर्व जांच एजेंसियों के कार्यालयों पर ताले लगा दिए जाएं तो ऐसा नहीं हो सकता। वहीं, प्रदेश की आईएएस बी चंद्रकला के दिल्ली स्थित आवास पर सीबीआई के छापे पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जांच एजेंसी जांच में जुटी है। सभी तथ्य एवं सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
दो घंटे देरी से पहुंचे डिप्टी सीएम
वृंदावन। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपने तय कार्यक्रम से दो घंटे देरी से 12:30 बजे वृंदावन पहुंचे। उनका हैलीकॉप्टर पवन हंस हैलीपैड पर उतारा गया। पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष राजेश पंडित, सुनील चतुर्वेदी, मुकेश खंडेलवाल, प्रदीप गोस्वामी, राजेश गुप्ता डब्बू, राजू यादव, मोहन शर्मा, विश्वनाथ गौतम, राहुल अधिकारी, नवीन टेंटीवाला, ठाकुर रामजीलाल सिंह ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। वात्सल्य ग्राम पहुंचे पर साध्वी ऋतंभरा ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं पटुका भेंट कर स्वागत किया। वहीं, डिप्टी सीएम ने दीप प्रज्जवलन कर समारोह की शुरुआत की।