मैनपुरी। एक किशोरी की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल की ओर दौड़ लगा दी। किशोरी को थाने लाकर पूछताछ की गई तो सब कुछ सामान्य निकला। कुछ देर बाद दोबारा किशोरी परिजनों के साथ थाने पहुंच गई। गैर संप्रदाय के दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय अनुसूचित जाति की किशोरी के भाई ने सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना दी कि बहन की हत्या कर शव को घर के बाहर फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। वहां जाकर जानकारी की तो किशोरी जीवित थी। थाने लाकर पूछताछ की गई।
वहां किशोरी ने गिरकर बेहोश होने की बात कही। इसके बाद उसे परिजनों के साथ भेज दिया गया। दोपहर के समय किशोरी रिश्ते के भाई के साथ थाने पहुंच गई। गैर संप्रदाय के दो युवकों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाने लगी। उसने बताया कि रात को युवक उसे अगवा कर ले गए थे। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
नामजद किए जा रहे एक युवक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले में एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि सुबह मौत की सूचना पर गई। पुलिस ने जब किशोरी से पूछताछ की तो उसने गिरकर बेहोश होने की बात कही। अब दोबारा आकर दुष्कर्म छेड़खानी की बात कही जा रही है। मामले की गंभीरता से जांचकर जो भी सत्यता होगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।