मैनपुरी। लॉर्ड कृष्णा एजूकेशनल एकेडमी की छात्राओं द्वारा बनाया गया प्रोजेक्ट अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होगा। राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में प्रोजेक्ट का चयन होने के बाद छात्राओं को ये मौका दिया जाएगा। उन्होंने वायु प्रदूषण रोकने व पेड़ों को बचाने के लिए एक बेहतरीन मॉडल तैयार किया है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि हमारे देश में शव के अंतिम संस्कार की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसमें हम एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के साथ ही एक दस वर्ष के पेड़ का भी अंतिम संस्कार कर देते हैं, जो सही नहीं है। इसके लिए कक्षा 11 की छात्रा आकांक्षा तिवारी ने अपनी सहयोगी श्रुति जैन, संजना यादव, सौम्या चौहान, प्राची पचौरी, अनुष्का तिवारी और उजैफा सिद्दीकी के साथ मिलकर सबसे पहले पेड़ों को बचाने के लिए कृत्रिम लकड़ी तैयार की। इसमें मूंगफली के छिलके और धान का छिलका मिलाया गया। इसके बाद इस मिश्रण को उच्च दाब पर दबाया गया, इससे जो ठोस प्राप्त हुआ उसे कृत्रिम लकड़ी कहा गया।
ये लकड़ी प्राकृतिक लकड़ी की अपेक्षा आधी कीमत में मिल सकेगी। इस लकड़ी से आधे खर्च में शव का अंतिम संस्कार किया जा सकता है। इसके बाद शव दाह से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए एक मशीन का प्रोजेक्ट तैयार किया गया। इसमें खुले में अंतिम संस्कार की अपेक्षा आधी लकड़ी में ही शव का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
इसकी लागत लगभग 50 हजार रुपये आई। इस मशीन का तापमान कुछ ही देर में 500 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। हाल ही में इस मॉडल को नोएडा में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में सराहना मिल चुकी है। चयन के बाद अब भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में इस प्रोजेक्ट कर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान टीम के प्रशिक्षक विकास यादव, प्रधानाचार्य अनुपम गुप्ता, शशांक गुप्ता, नरेंद्र त्रिवेदी, रचना रायजादा आदि मौजूद रहे।