मैनपुरी। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कन्या प्राथमिक विद्यालय रठेरा की प्रधानाध्यापिका व एक शिक्षामित्र में डेंगू के लक्षण मिले हैं। दोनों लोगों का आगरा से उपचार चल रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में अन्य क्षेत्रो में भी डेंगू के मरीज बढ़ने लगे हैं। बुखार से पीड़ित मरीजों की घर-घर चारपाइयां बिछी हुई हैं।
कन्या प्राथमिक विद्यालय रठेरा की मैनपुरी रेलवे कालोनी निवासी प्रधानाध्यापिका रेखा यादव में डेंगू के लक्षण मिले हैं। परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं कन्या प्राथमिक विद्यालय में ही कार्यरत शिक्षामित्र प्रतिभा यादव भी डेंगू की चपेट में हैं। वे वर्तमान में मलिक मील कालोनी मैनपुरी में निवास करती हैं। उनका आगरा से उपचार चल रहा है। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्रों से भी डेंगू के मरीज मिलने से लोगों में डेंगू के प्रति दहशत पैदा होने लगी है। बुधवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। यहां बुखार से पीड़ित 31 मरीज भर्ती कराए गए। जबकि नौ मरीजों को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई के लिए रेफर किया गया।
मलिक मील में छह से अधिक लोगे डे0ंगू की चपेट में
नगर के मोहल्ला मलिक मील में छह से अधिक लोग डेंगू की चपेट में हैं। यहां निवासी अमन पुत्र कमलेश, शुशांत पुत्र प्रमोद, प्रतिभा पत्नी अनिल कुमार आदि का आगरा से उपचार चल रहा है। लोगों ने मोहल्ले में फॉगिंग कराए जाने की मांग की है।
स्वास्थ्य कर्मचारियों को सता रहा मलेरिया का भय
जिला अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व नर्सेज स्टाफ को मलेरिया फैलने का भय सताने लगा है। उनके आवासों के पास गंदगी फैली हुई है। कई बार की मांग के बाद न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही नगर पालिका इस तरफ कोई ध्यान दे रही है। यहां मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। अस्पताल में तैनात स्टाफ मनोरमा देवी, सोनू, रामश्री, सुमन यादव, गीता देवी, माधुरी यादव आदि ने फॉगिंग कराए जाने की मांग की है।