फिरोजाबाद। सुहागनगरी में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से पूरे शहर की सड़कें मिनी तालाब में बदल गईं। दोपहर में शुरू हुई बारिश शाम तक होती रही, इससे राहगीर घंटों तक जाम में फंसे रहे। जिससे लोग परेशान रहे। नगर निगम के अधिकारी शहर की स्थिति देखने दफ्तर से भी नहीं निकले।
तीन बजे से अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, तो देर शाम तक थमने का नाम नहीं लिया। दोपहर से लगातार तेज बरसात होने के कारण हाईवे से सटे पूरे सर्विस रोड, जिला अस्पताल, मथुरा नगर, जलेसर रोड, बोधाश्रम, तिलक नगर, रामलीला, दुर्गानगर, सरक्यूलर रोड, नगला बरी, शीतल खां, जाटवपुरी, साठ फुटा, कश्मीरी गेट, नई बस्ती, करबला, भीमनगर, लाइनपार के क्षेत्र दतौजी, नगला विश्नु, चंद्रवार गेट, पैमेश्वर गेट सहित नई आबादी के क्षेत्रों में काफी जलभराव हो गया।
इधर तेज बरसात होने के कारण हिमायूंपुर, नगला पचिया, रहना नई आबादी, सुहाग नगर सेक्टर एक, सेक्टर चार, बोधाश्रम, तिलक नगर, नगला बरी, किशन नगर सहित अन्य मोहल्लों में घरों के अंदर तक पानी भर गया, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। नई आबादी के क्षेत्रों में बारिश से हालात गंभीर हो गए।