कासगंज। 15 अगस्त पर तिरंगा यात्रा निकालने के लिए कई संगठनों के द्वारा तैयारियां की जा रहीं हैं। तीन संगठनों ने अब तक प्रशासन से यात्रा निकालने की अनुमति मांगी है। प्रशासन ने तिरंगा यात्रा निकालने वाले कुछ लोगों के खिलाफ 5-5 लाख रुपये के मुचलके पर पाबंदी की कार्रवाई की है। प्रशासन की इस कार्रवाई से आयोजकों के बीच खलबली है।
26 जनवरी को तिरंगा यात्रा से पनपे विवाद ने शहर में हिंसा का रूप ले लिया और युवक चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई। 26 जनवरी को जो हालात जिले में पैदा हुए वह काफी तनावपूर्ण थे तभी से इस जिले में संवेदनशीलता बढ़ गई है। इस बार 15 अगस्त पर फिर से किसी तरह का माहौल खराब न हो इसको लेकर शासन और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। शासन ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शहर भर में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए जा चुके हैं। यहां तक प्रशासन रिहर्सल भी कर चुका है। जिलाधिकारी ने धारा 144 घोषित कर दी है और सभी जुलूसों और यात्राओं पर रोक लगा दी है। ऐसी स्थिति में लोग तिरंगा यात्रा निकालने के लिए अनुमति चाह रहे हैं। संकल्प फाउंडेशन, जमीयत उल्मा व सोरों से तिरंगा यात्रा निकालने के लिए अनुमति मांगी गई। अभी यह प्रशासनिक प्रक्रिया में हैं किसी को अनुमति नहीं दी है। वहीं प्रशासन ने तिरंगा यात्रा की स्थिति को देखते हुए संभावित लोगों के खिलाफ मुचलका पर पाबंदी की कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। अब तक 12 से अधिक लोगों के खिलाफ 5-5 लाख रुपये के मुचलके पर पाबंद करने की कार्रवाई की है। जिससे कोई भी जबरन जुलूस न निकाल सके और न ही निषेध आज्ञा का उल्लघंन कर सके।
जबरदस्ती करने पर होगी कार्रवाई - एसपी
कासगंज। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा का कहना है कि कोई भी व्यक्ति माहौल को किसी भी तरह से खराब करने की कोशिश करेेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस किसी भी जुलूस यात्रा को बिना अनुमति के नहीं निकलने देगी और न ही कोई नई परंपरा डालने दी जाएगी।
मुचलके पर होंगे पाबंद - एएसपी
कासगंज। एएसपी डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि संभावित रूप से जुलूस निकालने की कोशिश करने वाले लोगों को चिह्नित करके उन्हें मुचलके पर पाबंद किया जा रहा है। कासगंज और सोरों थाना क्षेत्र में अभी तक यह कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई आगे भी चलेगी। मुचलके पर पाबंद होने वाले लोग यदि निषेध आज्ञा का उल्लघंन करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी वहीं मुचलके की धनराशि भी वसूल की जाएगी।