शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बुधवार सुबह पिटाई के डर से नहर में कूदे युवक का 24 घंटे बाद शव मिल गया। परिवारीजनों ने पुलिस की मदद से शव को नहर से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना क्षेत्र अंतर्गत भूड़ा नहर पुल के समीप एक युवक और युवती को कुछ लोग पकड़ कर पीट रहे थे। इसी दौरान युवक उन लोगों के चंगुल से भागा और नहर में कूद गया। काफी दूर तक युवक गोते खाते देखा गया, युवक के नहर में कूदने के बाद लोग युवती को लेकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने युवक को खोजा लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
युवक की शिनाख्त आकाश (20) पुत्र शिशुपाल निवासी वाकलपुर नसीरपुर के रूप में हुई। गुरुवार सुबह चार बजे से ही युवक के परिवारीजन उसकी तलाश में भूड़ा नहर से भांडरी पुल तक लग गए। सुबह लगभग नौ बजे के करीब वंशीपुरम के समीप युवक का शव उतराता दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से शव को नहर से निकाल कर वंशीपुरम को जाने वाले रास्ते पर रख लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतक के परिवारवाले पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
उधर, मृतक के पिता शिशुपाल ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की पीट-पीट कर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव नहर में फेंक दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर विजय गौतम का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।