मरीजों को ड्रिप चढ़ाते मिले झोलाछाप
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जिले में लगातार झोलाछापों के खिलाफ हो रही कार्रवाइयों के बाद भी अवैध क्लीनिकों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले में कई अवैध क्लीनिकों पर छापा मारा। जहां झोलाछाप मरीजों को ड्रिप चढ़ाते मिले। साथ ही एक क्लीनिक पर दवाओं का जखीरा मिला। इसके साथ ही एक झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बुधवार को एसीएमओ डॉ. चंद्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने निधौली रोड स्थित एक अवैध क्लीनिक पर छापा मारा। यहां डॉ. मुकेश यादव बीएएमएस का बोर्ड लगा था। जबकि क्लीनिक को सतेंद्र शर्मा नाम का युवक चला रहा था। क्लीनिक में मरीजों को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी। जांच में पता लगा कि डॉ. मुकेश यादव के पंजीयन की वैधता भी मार्च 2018 में समाप्त हो चुकी है। जिस पर टीम ने संचालक को नोटिस देकर क्लीनिक को बंद करने के निर्देश दिए। इसके बाद कासगंज रोड पर पीएसी के निकट ध्यान सिंह वैद्य के यहां दवाओं का जखीरा मिला। यहां भी मरीजों को भर्ती कर अंग्रेजी दवाओं से उपचार किया जा रहा था। टीम को देख झोलाछाप ध्यान सिंह छिप गया। काफी देर बाद टीम के बुलाने पर वह सामने आया। टीम ने झोलाछाप को नोटिस देकर जबाव मांगा है। वहीं निधौली रोड पर अवैध क्लीनिक चला रहे ललित पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पिछले दिनों अवैध क्लीनिक संचालित होतते मिलने पर टीम ने नोटिस देकर जबाव मांगा था, लेकिन ललित पांडेय ने कोई जबाव नहीं दिया। एसीएमओ डॉ. चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि एक डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही अन्य झोलाछापों को नोटिस देकर जबाव मांगा गया है।