मैनपुरी। औंछा मार्ग पर शनिवार की सुबह स्वाट और कोतवाली पुलिस की शराब माफियाओं से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद तीन तस्कर भाग निकले, तीन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार करने के साथ ही तीन वाहनों से करीब 20 लाख से अधिक की गैर प्रांत से तस्करी कर लाई गई शराब बरामद की। एसपी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि भागे हुए शराब तस्कर को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जनपद में गैर प्रांत की शराब की आमद रोकने के लिए एसपी अजय शंकर राय की ओर से सभी थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। शनिवार की सुबह इंस्पेक्टर कोतवाली जसवीर सिंह सिरोही और स्वाट टीम प्रभारी जोगेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से तस्करी कर लाई गई शराब औंछा रोड पर गांव बुर्रा से गड़ेरी की ओर जा रही है।
सूचना पर पुलिस बल के साथ टीम ने घेराबंदी की। सुबह करीब 6:30 बजे जब पुलिस ने तस्करी कर शराब ले जा रहे वाहनों को रोका तो माफियाओं ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान कैंटर, डीसीएम और स्कार्पियो में सवार तीन शराब कारोबारी भाग निकले। पुलिस ने तीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के अनुसार थाने लाकर पूछताछ करने पर पकड़े गए शराब कारोबारियों ने बताया कि वह गोला बाजार निवासी सुरेंद्र के लिए काम करते हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान साथी राकेश निवासी गांव बघिरुआ थाना एलाऊ और सोनू निवासी गांव बुझिया करहल भाग गए। गाड़ी चला रहा सुरेंद्र भी उनके साथ भाग गया। पुलिस गैर प्रांत की शराब लदी कैंटर, डीसीएम और स्कार्पियो को थाने ले गई।
गिनती करने पर 605 पेटी अरुणाचल प्रदेश की शराब बरामद हुईं। एसपी अजय शंकर राय ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान रजनेश यादव गांव नवादा एलाऊ, प्रबल प्रकाश निवासी गांव गजियापुर बेवर और पवन यादव निवासी नगला सभा दन्नाहार को गिरफ्तार किया है।
सुरेंद्र के लिए उक्त लोग शराब का काम करते हैं। जल्द ही शराब माफिया व सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने गिरफ्तार शराब कारोबारियों को जेल भेजा।