परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अंतर्राज्जीय बस अड्डे के निर्माण की प्रगति जानने पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। दिल्ली-आगरा हाईवे पर गोकुल रेस्टोरेंट के पास बन रहे अंतर्राज्जीय बस अड्डे के निर्माण में परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव को कई खामियां मिली। मानकों का भी ख्याल नहीं रखा गया है। परिवहन मंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कमियों को दूर करने को कहा। मार्च तक हर हाल में बसों का संचालन इस बस अड्डे से करने को कहा गया।
रविवार की दोपहर 12 बजे प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अंतर्राज्जीय बस अड्डे के निर्माण की प्रगति जानने पहुंचे। निर्माणाधीन बस अड्डे में गुणवत्ता दरकिनार होते देख परिवहन मंत्री का पारा चढ़ गया। जमकर अफसरों को फटकार लगाते हुए परिवहन मंत्री ने निर्माण में गुणवत्ता पर जोर दिया।
रोडवेज के अफसरों से बस अड्डे के निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करके मार्च में बसों का संचालन शुरूकरने के निर्देश दिए। डेढ़ घंटे तक निरीक्षण करने के बाद परिवहन मंत्री बाबा जयगुरुदेव आश्रम में पंकज बाबा से मिले। इसके बाद फरह के दीनदयाल धाम में पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धाजंलि अर्पित की। निरीक्षण में भाजपा नेता राजेश चौधरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम, जसवंत सिंह आदि भाजपाई मौजूद रहे।