दलित युवक की बारात चढ़ाने का निजामपुर प्रकरण का भले ही पटाक्षेप हो गया हो, लेकिन अभी इस संबंध में चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। सीएमओ के निर्देश पर शीतल का एक्स रे किया गया है। अब इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी, यदि शीतल रिपोर्ट में बालिग पाई गई तो शादी 20 अप्रैल को होगी यदि बालिग नहीं पाई तो संजय को बारात चढ़ाने के लिए इंतजार करना होगा।
रविवार की देर रात्रि को जिला प्रशासन ने निजामपुर के दलित परिवार एवं अन्य जातियों के परिवार के लोगों के साथ इस मामले में बातचीत करके बारात चढ़वाने का रास्ता निकाला। इसके लिए प्रशासन ने लिखित समझौता कराया और दोनों पक्षों के द्वारा बनी सहमति पर हस्ताक्षर कराए गए। जिलाधिकारी ने लड़की की उम्र के बिंदु पर इसका समाधान चिकित्सीय रिपोर्ट से कराने के रात को निर्देश दे दिए थे। शीतल के परिवारीजन चिकित्सीय परीक्षण के लिए सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रंगजी दुबे के कार्यालय पहुंचे। सीएमओ ने इस संबंध में चिकित्सीय परीक्षण के रेडियोलॉजिस्ट को निर्देश दिए। शीतल के एक्स रे किए गए हैं। चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि शीतल बालिग है या नाबालिग। शीतल की उम्र तिथि गांव के प्राथमिक विद्यालय के मुताबिक 20-7-2000 है। जिसके आधार पर 20 अप्रैल तक शीतल की उम्र बालिग होने से 3 माह कम रहेगी। नाबालिग की स्थिति में शादी नहीं हो सकती। परिवारीजनों का कहना है कि शैक्षिक रिकॉर्ड में शीतल की उम्र कम है। परिवारीजनों ने बताया कि शीतल की उम्र करीब 20 वर्ष की है, लेकिन उम्र के संबंध में फैसला चिकित्सीय रिपोर्ट के बाद हो सकेगा। सीएमओ डा. रंगजी दुबे का कहना है कि रेडियोलॉजिस्ट मंगलवार को रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
दलित परिवार के घर पर तैनात की पुलिस, भाई को दिया गनर
तूल पकड़ चुके निजामपुर बारात प्रकरण का भले ही पटाक्षेप हो गया हो, लेकिन पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई भी शिथिलता रखना नहीं चाहता। शीतल के परिवार की सुरक्षा के लिए उनके घर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती करके सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। वहीं शीतल के भाई बीटू कुमार को भी गनर उपलब्ध कराया गया है। जिससे दलित परिवार को कोई असुरक्षा न हो सके। बीटू ने बताया कि पुलिस ने सोमवार से यह सुरक्षा उपलब्ध कराई है।