मथुरा। समाज कल्याण से जारी होने वाली विधवा, वृद्धावस्था पेंशन की रकम को निजी स्कूलों के खाते में हस्तांतरित करने के मामले में सहकारी बैंकों के 15 शाखाओं की जांच की जाएगी। इन बैंकों में समाज कल्याण से जारी की गई रकम व लाभार्थियों के खाते में भेजी गई रकम की जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन माह पूर्व समाज कल्याण से जारी होने वाली वृद्धावस्था व विधवा पेंशन को लाभार्थियों के खाते में न भेजकर छाता के निजी संस्थान के खाते में सहकारी बैंक के कर्मियों ने भेज दी थी।
इस मामले में छाता के एक स्कूल के खाते में नौ लाख व वृंदावन के एक स्कूल के खाते में तीन लाख रुपये ट्रांसफर करने का मामला प्रकाश में आया था। इस मामले में पांच बैंक कर्मी निलंबित चल रहे हैं। अब इस मामले में सहकारी बैंक के महाप्रबंधक रूप सिंह ने बताया कि जनपद के सभी ब्लाकों, वृंदावन, मंडी समितियों में संचालित 15 सहकारी बैंक शाखाओं में जांच के आदेश किए हैं। इसमें समाज कल्याण से जारी की गई छात्रवृत्ति, विधवा, वृद्धावस्था पेंशन आदि के खाताधारक लाभार्थियों के खातों की जांच कराई जाएगी।