जयपुर से मजदूरी कर लौट रहे ब्रजेश की हत्या ऑटो चालक ने महज दो सौ रुपये के लिए कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, पेचकस और लूट के दो मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस कार्यालय पर प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि एंटी व्हीकल थैप्ट सेल प्रभारी और कोतवाली देहात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मारहरा तिराहा समीप से ऑटो चालक पवन निवासी नगला मानसिंह थाना मारहरा को गिरफ्तार किया है। सर्विलांस के जरिए हत्यारोपी को पकड़ा गया है। जिसके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा, दो कारतूस, एक ऑटो, पेचकस बरामद किया है। पुलिस गिरफ्त में आए हत्यारोपी ने बताया कि ब्रजेश उसका ऑटो पांच जनवरी को बस स्टेंड से दो सौ रुपये में बुक करके ले गया था। उसके बाद उसे किराए के पचास रुपये दे रहा था। जिसे लेकर उसके बीच मारपीट हुई थी। उसी समय ऑटो चालक ने उसकी पेचकस से गोदकर हत्या कर दी थी। ज्ञात हो कि पांच जनवरी को कोतवाली देहात क्षेत्र के जिरस्मी समीप ब्रजेश निवासी न्यूराई का शव पड़ा हुआ मिला था। इसकी रिपोर्ट मृतक के भाई हरवीर ने कोतवाली देहात में अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ दर्ज कराई थी। एसएसपी की तरफ पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।