मथुरा। सदर बाजार के आर्मी एरिया में गुरुवार की सुबह ईगल ग्राउंड के समीप बाइक सवार तीन लुटेरों ने आटो सवार चांदी कारोबारी से 3.50 लाख रुपये के चांदी के घुंघरू से भरा थैला लूट लिया। लुटेरे फायरिंग करते हुए बालाजीपुरम कालोनी की तरफ भाग गए। कारोबारी सादाबाद के गांव बिसावर से मथुरा के चौक बाजार में तैयार घुंघरू देने आ रहा था। आगरा-मथुरा मार्ग पर हुई लूट से सनसनी फैल गई।
जिला हाथरस के बिसावर के गांव मदारी निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा पुत्र वीरेंद्र कुमार शर्मा चांदी के घुंघरू बनाने का काम करता है। इसकी सप्लाई मथुरा के चौक बाजार सराफा में करता है। गुरुवार की सुबह 10 बजे कारोबारी बिसावर से बस में सवार होकर मथुरा के लिए चला। सवेरे गोकुल बैराज पर बस से उतरने के बाद कारोबारी आटो में चौक बाजार के लिए सवार हुआ। आटो में सवार एक युवक ईगल ग्राउंड के समीप उतरा। इसी बीच बाइक पर आए दो लुटेरों ने आटो सवार कारोबारी पर तमंचा तान दिया। दूसरा लुटेरा थैला छीनने लगा। थैला न देने पर लुटेरे ने कारोबारी पर फायर झोंक दिया। हालांकि कारोबारी बच गया। बाइक सवार लुटेरे थैले को कब्जे में करते हुए हवाई फायर कर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने लुटेरों की तलाश की। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े लूट से खुली सुरक्षा की पोल
मथुरा। चांदी कारोबारी से दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर लूट की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। खास यह है कि लुटेरे बड़े ही आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बाद में पहुंची पुलिस हर बार की तरह केवल लकीर ही पीटती रही।
आटो से उतरा युवक लूट में था शामिल
मथुरा। ईगल ग्राउंड पर आटो से उतरा युवक लुटेरों के साथ शामिल था। इससे साफ होता है कि वह गोकुल बैराज से कारोबारी का पीछा कर रहा था। उसने ही रणनीति के तहत आटो रुकवाया और उसके साथियों ने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। हालांकि कारोबारी इस बारे मेें पुलिस को स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है।
एसएसपी ने खुलासे को तीन टीमें कीं गठित
मथुरा। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने लूट की वारदात पर नाराजगी जताते हुए खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। स्वाट टीम, सदर बाजार और सर्विलांस की टीम को खुलासे के लिए लगाया गया है।