मथुरा। जेल से फरार तीन बंदियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीमों ने जलेसर और आगरा में दबिशें दी। चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ नाकामी लगने से कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। उधर, मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रहे डीआईजी जेल की जांच रिपोर्ट पूरी हो गई है। वे शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट आईजी जेल को सौंपेंगे।
31 दिसंबर की रात 1:30 बजे जेल की दीवार फांदकर फरार हुए तीन बंदियों को दबोचने के लिए पुलिस की दो टीमों ने आगरा और एटा के जलेसर में दबिशें दी, हालांकि पुलिस के हाथ कोई नहीं लग सका। उधर, फरार तीन बंदियों की जांच पूरी हो गई है। शुक्रवार को डीआईजी जेल संजीव त्रिपाठी आईजी जेल को रिपोर्ट सौंपेंगे। डीआईजी ने बताया कि सभी के बयान ले लिए गए हैं। शुक्रवार को वह आईजी जेल को पूरी जांच रिपोर्ट सौंपेंगे। सूत्रों की माने तो चार जेल कर्मियों पर गाज गिर सकती है।