फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र पर प्रशिक्षणार्थियों ने ट्रेनर को हटवाने के विरोध में हंगामा, नारेबाजी की। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि बैच समाप्त होने में मात्र एक सप्ताह बचा है। सेंटर मैनेजर हमारे भविष्य को खराब करना चाहते हैं।
कोटला रोड दखल पर एमएलबी पब्लिक स्कूल में प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र का संचालन हो रहा है। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में 30-30 के दो बैच में कुल 60 प्रशिक्षणार्थियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। इन प्रशिक्षणार्थियों को गौरव शर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा था। सेंटर मैनेजर द्वारा उक्त प्रशिक्षक को हटाकर नए प्रशिक्षक की तैनाती कर दी थी।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों का आरोप है कि सेंटर मैनेजर द्वारा ऐसे प्रशिक्षक को लगाया गया है, जिसे उन्होंने पहले रिजेक्ट कर दिया था। वह जो प्रशिक्षण दे रहे हैं, वह उनकी समझ में नहीं आ रहा है, अत: पुराने प्रशिक्षक गौरव शर्मा को वापस बुलाया जाए। प्रशिक्षणार्थी काफी देर तक सेंटर पर हंगामा, नारेबाजी करते रहे। मौके पर कमल किशोर, नितिन शर्मा, सचिन, विजेंद्र, ललित कुमार, राहुल कुमार, सूरज, उपेंद्र, नीरज सतेंद्र कुमार मौजूद थे।