कासगंज। निकाय चुनाव में प्रशासन मतदान पर आसमान से भी नजर रखेगा। प्रशासन ने इसके लिए आधा दर्जन ड्रोन की व्यवस्था की है। ये ड्रोन सभी बूथों को कवर करेंगे। बूथों की हर गतिविधि इसमें कैद होगी। यदि किसी बूथ से जैसे ही गड़बड़ी का संकेत मिलेगा वैसे ही पुलिस फोर्स बूथ तक पहुंच जाएगा।
जिले में 10 निकायों में 290 बूथों पर मतदान होना है। 293 बूथों पर वोट डाले जाने है। इन बूथों में से मात्र कासगंज के ही 3 बूथ सामान्य श्रेणी के हैं। शेष 290 बूथों में से 30 बूथ तो अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी के हैं। इसके अलावा 119 बूथ अतिसंवेदनशील तथा 141 बूथ संवेदनशील श्रेणी के हैं। ऐसे में प्रशासन चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए काफी चौकन्ना है।
प्रशासन ने बूथों की सुरक्षा के लिए खास व्यूह रचना तैयार की है। सभी बूथों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही बूथों पर नजर रखने के लिए ड्रोनों का सहारा भी लिया जा रहा है। प्रशासन ने आधा दर्जन ड्रोन की व्यवस्था की है। ये ड्रोन मतदान के दिन सुबह से आसमान में नजर रखना शुरू कर देंगे। इन ड्रोनों को इस तरह से लगाया जाएगा कि ये जनपद की सभी निकायों को कबर कर सकें।
निकाय का नाम- कुल बूथ संवेदनशील अतिसंवेदनशील अतिसंवेेदनशील प्लस
नगर पालिका कासगंज 102 58 36 5
नगर पालिका सोरों 25 10 12 3
नगर पालिका गंजडुडवारा 49 43 शून्य 6
नगर पंचायत पटियाली 15 शून्य 15 शून्य
नगर पंचायत मोहनपुर 10 शून्य 10 शून्य
नगर पंचायत भरगैन 24 शून्य 16 8
नगर पंचायत सिढ़पुरा 17 15 2 शून्य
नगर पंचायत सहावर 26 शून्य 22 4
नगर पंचायत अमापुर 10 6 4 शून्य
नगर पंचायत बिलराम 15 9 2 4
निकाय चुनाव में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवान सभी बूथों पर तैनात किए जाएंगे। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की गड़वड़ी करने का प्रयास करेगा तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
--सुनील कुमार एसपी