मैनपुरी। दीवानी परिसर में शनिवार को जिला जज अनिल कुमार की देखरेख में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौते के आधार पर 16774 मामले निपटाए गए। जिला जज ने फौजदारी के पांच मामलों का निस्तारण कर 25 सौ रुपये का जुर्माना वसूल किया।
लोक अदालत का जिला जज अनिल कुमार, नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र कुमार चौधरी ने निरीक्षण किया। अपर जिला जज प्रथम वंश बहादुर यादव ने एक, स्पेशल जज प्रदीप कुमार ने आठ मामलों में दो हजार, स्पेशल जज डकैती नासिर अहमद ने दो मामलों में दो हजार रुपया का जुर्माना वसूला। एफटीसी जज निधि ने एक मामले में 100 रुपये, एफटीसी जज तुरन्नुम खान ने एक मामले में 500 रुपया जुर्माना वसूला।
प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय अनिल कुमार ने 19 तथा अपर प्रधान न्यायाधीश लवी यादव ने 11 मुकदमों का निस्तारण किया। सीजेएम अमित सिंह ने 721 मुकदमों में 165460 रुपया, स्पेशल न्यायिक मजिस्ट्रेट राजाराम भारती ने दो मामलों में 1100 रुपये का जुर्माना वसूल किया। सिविल जज अमित मिश्रा ने उत्तराधिकार के 20 मामलों में 1.65 करोड़ के उत्तराधिकार के प्रमाणपत्र जारी किए।
लोक अदालत में बैंकों ने 627 मामलों में 6.46 करोड़ रुपये में समझौता किया। अधिशासी अभियंता विद्युत ने 1975, यातायात पुलिस ने 517, नगर पालिका ने 821, रोडवेज ने 24 मुकदमे सुलह समझौते से निस्तारित किए। उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुभाष चंद्र कुलश्रेष्ठ ने दो मामलों का निस्तारण कर 1100 रुपये जुर्माना वसूला।
मोटर वाहन दुर्घटना बीमा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी पीएन राय ने ब्लॉक परिसर स्थित न्यायाधिकरण में मोटर दुर्घटना केे मामले समझौते से निपटाए। 81 मामलों में बीमा कंपनियों तथा पीड़ितों के बीच समझौता कराकर 1.09 करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाया।