कासगंज। कोरोना की चौथी लहर के खतरे के बीच सीनियर सिटीजन के कोरोना टीकाकरण को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। अभियान को शुरू हुए सवा साल का समय हो चुका है, लेकिन जिला में अभी भी 16415 सीनियर सिटीजन कोरोना टीका की पहली डोज लगवाने से वंचित हैं। जिला में 127335 सीनियर सिटीजन को कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कोरोना की तीन लहरों में जिला में काफी तबाही मचाई। 4938 लोग कोरोना की चपेट में आए। 132 लोगों की जान चली गई। इसमें से 55 लोग जिला अस्पताल एवं मिशन अस्पताल में मौत के आगोश में समाए। इनमें काफी संख्या में सीनियर सिटीजन भी शामिल रहे। कोरोना के बढ़ते खतरे को देख 16 जनवरी 2021 को कोरोना का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंट लाइन वर्कर के बाद सीनियर सिटीजन को कोरोना का टीका लगना शुरू हुआ। इस समय कोरोना की चौथी लहर का खतरा बना हुआ है। कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिला में भी 10 लोग कोरोना संक्रमित निकल चुके हैँ। इसके बाद भी सीनियर सिटीजन की कोरोना टीकाकरण कराने में लापरवाही बरत रहे हैँ। जिसमें से अब तक 110920 लोगों ने कोरोना का टीका की पहली डोज लगवाई है। 16415 सीनियर सिटीजन अभी भी टीका की पहली डोज लगवाने से वंचित हैं।
आंकडे़ की नजर में
लक्ष्य- 127335
पहली डोज 97824
बूस्टर डोज 6958
कोरोना से बचने के लिए टीका लगवाना आवश्यक है। विभाग के द्वारा लगातार सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिन लोगों ने कोरोना का टीका नहीं लगवाया है वे शीघ्र अपना टीका लगवा ले। जिससे चौथी लहर आने पर कोरोना के खतरे से बचा जा सके- डा. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी