मैनपुरी। पंचायत चुनाव में नामांकन से लेकर मतगणना के लिए आरओ और एआरओ तैनात किए गए हैं। जिले में कुल दस आरओ और 163 एआरओ बनाए गए हैं। नामांकन के दौरान एआरओ ही नामांकन पत्र जमा करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से ग्राम पंचायत (ग्राम प्रधान और सदस्य), क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के लिए अलग-अलग एआरओ बनाए गए हैं।
जिले के सभी नौ ब्लॉकों में कुल नौ आरओ और 180 एआरओ बनाए गए हैं। सभी ब्लॉकों पर एक आरओ की तैनाती के साथ ही ब्लॉकों पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए अलग-अलग एआरओ की तैनाती की गई है। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट के अपर जिलाधिकारी न्यायालय में नामांकन होगा। इसके लिए अपर जिलाधिकारी बीराम को आरओ और तीन एआरओ तैनात किए गए हैं।
इस प्रकार कुल 10 आरओ और 183 एआरओ बनाए गए हैं। बुधवार को नामांकन के दौरान एआरओ ही सभी नमांकन पत्र जमा करेंगे। ब्लॉकों पर न्याय पंचायतों के अनुसार एआरओ काउंटर लगाए जाएंगे। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी एक आरओ के पास और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी दूसरे आरओ के पास नामांकन पत्र जमा करेंगे।
बेवर ब्लॉकों में सर्वाधिक 12-12 एआरओ
जिले के नौ ब्लॉकों में से बेवर में एआरओ की संख्या सर्वाधिक है। यहां ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 12 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 12 एआरओ तैनात किए गए हैं। कुल मिलाकर 24 एआरओ यहां तैनात हैं।
ब्लॉकवार और पदवार एआरओ की संख्या
ब्लॉक का नाम ग्राम प्रधान और सदस्य के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए
-मैनपुरी 08 07
-कुरावली 09 09
-बरनाहल 08 08
-घिरोर 09 09
-सुल्तानगंज 10 10
-जागीर 05 06
-करहल 10 10
-किशनी 09 09
-बेवर 12 12
-कुल 80 80
सभी एआरओ नामांकन स्थल पर प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जमा करेंगे। सहूलियत के लिए ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए अलग-अलग एआरओ तैनात किए गए हैं।
ईशा प्रिया, सीडीओ/जिला निर्वाचन अधिकारी।