पंजाब जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी को मंगलवार देर रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बांदा ले जाया गया है। बांदा ले जाते समय मुख्तार अंसारी को यमुना एक्सप्रेसवे होकर ले जाया गया। वहीं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी गाड़ियां गुजरीं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद के क्षेत्र में कुछ पलों के लिए गाड़ियों को रोका गया। माना जा रहा है कि यहां ड्राइवरों की अदला-बदली की गई। मुख्तार अंसारी का काफिला निकलने से पहले ही आगरा में पुलिस के विशेष इंतजाम किए गए थे।
यमुना एक्सप्रेस वे के खंदौली टोल प्लाजा से लेकर फतेहाबाद टोल तक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। काफिले को एस्कॉर्ट भी किया गया। रात तकरीबन 9:46 बजे यमुना एक्सप्रेस वे के खंदौली टोल प्लाजा से मुख्तार अंसारी का काफिला निकला। काफिले में 24 से अधिक वाहन थे। इनमें वज्र वाहन भी शामिल थे। काफिले के निकलने से पहले ही टोल के बैरियर खोल दिए गए थे। इससे गाड़ियों को बिना रुके गुजारा गया।
यहां से खंदौली पुलिस की एक गाड़ी ने वाहनों को एस्कॉर्ट किया। रात 10:03 बजे काफिला एत्मादपुर के रहनकलां में पहुंचा। यहां भी पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। यहां से वाहन इनर रिंग रोड होते हुए लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आ गए। रात तकरीबन 10:32 बजे काफिला फतेहाबाद टोल पहुंचा। इसके बाद आगे की ओर बढ़ गया। काफिले में शामिल गाड़ियां मुख्तार अंसारी की गाड़ी को चारों तरफ से कवर किए हुए थीं।
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि मुख्तार अंसारी को ले जाने के दौरान आगरा में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। दो घंटे पहले ही पुलिसकर्मी यमुना एक्सप्रेस वे और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंच गए थे। थाना खंदौली, एत्मादपुर, डौकी और फतेहाबाद पुलिस वाहनों के साथ चली। अगर, काफिले में शामिल किसी वाहन में खराबी होती तो दूसरा वाहन उपलब्ध कराने के लिए तैयारी की गई थी।
इससे पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा में मांट टोल प्लॉजा पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा रही। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर पल-पल की जानकारी लेते रहे। बताया जाता है कि पुलिस की गाड़ियों के ड्राइवरों को भी देर रात फिरोजाबाद में बदला गया। जिससे काफिले में चल रहे वाहन चालकों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करते हुए दुर्घटना से बचाया जा सके। उधर पुलिस अधिकारी इस मामले को लेकर पूरी तरह से देर शाम तक चुप्पी साधे रहे। वहीं काफिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी गोपनीय तरीके से ताना-बाना बुनने में लगे रहे। एसपी देहात डॉक्टर अखिलेश कुमार सिंह का कहना है कि मुख्तार अंसारी को किस रास्ते से ले जाया जाएगा, इसकी जानकारी देर शाम तक नहीं दी गई है।
फिलहाल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सुरक्षा के लिए रात को पुलिस द्वारा या पेट्रोलिंग की जाती है वहीं कई स्थानों पर पुलिस पिकेट भी रहती है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसबल और थाना पुलिस को भी दिशा निर्देश जारी कर दिए थे। मंगलवार की रात मुख्तार अंसारी का काफिला फिरोजाबाद से गुजर जाने के बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।