वृंदावन (मथुरा)। ब्रज तीर्थ विकास परिषद अब गोवर्धन के बाद वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर भी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही सीसीटीवी से निगरानी की यह व्यवस्था अमल में आ जाएगी।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। यह कैमरे गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं पर नजर रखते हैं। अब यही व्यवस्था वृंदावन की तीन कोसीय परिक्रमा में भी प्रभावी होने जा रही है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण के साथ ही यहां परिक्रमार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 48 सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया गया है।
यह कैमरे परिक्रमार्थियों पर निगाह रखेंगे। इनका नियंत्रण कक्ष वृंदावन कोतवाली को बनाया जाएगा। परिक्रमा मार्ग में कुछ अहम स्थानों पर घूमने वाले कैमरे लगाए जाएंगे, जो चारों तरफ नजर रखेंगे। इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के रेडजोन के बाहर भी ब्रज तीर्थ विकास परिषद सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। इसका फैसला भी किया जा चुका है।
करीब 77 सीसीटीवी कैमरे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास प्रमुख मार्गों पर लगेंगे। इसी तरह यमुना के प्रमुख विश्राम घाट को भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लाया जा रहा है। यहां 12 कैमरे लगाए जाने का फैसला ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा किया गया है। सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए एजेंसी अधिकृत कर दी गई है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेंद्र प्रताप का कहना है कि जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगने का काम अमल में आ जाएगा।