मंदिर से टकराई कार, दो चिकित्सक सहित चार घायल
- फोटो : अमर उजाला
अलीगंज/जैथरा (एटा)। अनियंत्रित होकर कार मंदिर से टकरा गई। इससे कार सवार चार लोग घायल हो गए। जबकि अलीगंज पड़ाव में ट्रैक्टर कार की टक्कर में दो चिकित्सक सहित तीन लोग और बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस और राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दो लोगों को चिकित्सकों ने गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया।
कस्बा जैथरा निवासी दीपक पुत्र राजेश, दुर्गेश पुत्र शिवदत्त, आकाश पुत्र गुड्डू और राहुल पुत्र रामदास कार में सवार होकर फर्रुखाबाद शादी समारोह से घर लौट रहे थे। उसी समय कस्बे के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मंदिर से टकरा गई। हादसे में कार सवार चारों लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दीपक को चिकित्सकों ने गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया। वहीं अलीगंज पड़ाव के पास ट्रैक्टर और कार में टक्कर हो गई। इससे कार सवार चिकित्सक शोभित पुत्र सोनेलाल और गौरव राजपूत पुत्र आर के राजपूत और चंद्रशेखर पुत्र किशनवीर निवासी सब्जी मंडी अलीगंज घायल हो गए। जिला अस्पताल पहुंचे घायलों में से शोभित को डाक्टरों ने गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया। इसी क्रम में अनुज पुत्र ब्रज किशोर निवासी रामनगर और उसका फूफा सतेंद्र पुत्र रवेंद्र सिंह निवासी पिथनपुर सिढ़पुरा बाइक पर सवार होकर आगरा शादी के कार्ड देने जा रहे थे। उसी समय अवागढ़ के नगला बधा के पास बाइक में बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस टीम ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।