मैनपुरी (करहल)। एक्सप्रेसवे पर सोमवार की रात लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस एक पुल से गिर गई। हादसे में तीस सवारियां घायल हो गईं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छह लोगोें को सैफई में भर्ती कराया है। वहीं, अन्य को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।
करहल से होकर गुजरने वाले आगरा-लखनऊ-एक्सप्रेसवे पर सोमवार की देर रात करीब ढाई बजे एक डबल डेकर बस लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही थी। बस को बाराबंकी के हैदरगढ़ निवासी शुभम चला रहा था। बस जब एक्सप्रेसवे पर 94 माइल स्टोन नगला अलाई के पास पहुंची, तभी अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित बस पुल से जा गिरी।
हादसे के समय बस में चीख पुकार को सुनकर वहां गश्त कर रही पुलिस घटनास्थल की ओर दौड़ गई। आनन-फानन में घायलों को बस से निकाला गया, हादसे में चालक सहित 30 सवारियां घायल हो गई। छह गंभीर घायलों को उपचार के लिए सैफई भेजा गया। वहीं अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।