छाता (मथुरा)। कस्बा छाता में रेहड़ी और पथ विक्रेताओं के लिए ड्रेस कोड के साथ शुरू हुए स्ट्रीट फूड जोन योजना के प्रथम चरण का शुभारंभ सांसद हेमा मालिनी ने किया। उन्होंने कहा है कि लोग स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखें।
इस दौरान सांसद ने रेहड़ी और पथ विक्रेताओं को एक ही रंग की रेहड़ियों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि इसका संचालन करने वालों का एक ड्रेस रहेगा। यह लोग सामान तैयार करते समय दस्ताने आदि पहन कर रहेंगे। इसके अलावा सांसद ने स्ट्रीट लाइट के लिए करीब 15 लाख की लागत से खरीदी गई स्काई लिफ्ट का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने सांसद को बताया कि कस्बा में स्वच्छता के लिए करीब 8 हजार डस्टबिन खरीदे गए हैं। प्रत्येक वार्ड के हर घर पर वितरण किए जाएंगे। कचरा को उठाने के लिए ई रिक्शा निरंतर भ्रमण करेंगे। इस अवसर एसडीएम डा. राजेंद्र पेसिया, जिला अभिहीत अधिकारी चंदन पांडेय आदि मौजूद रहे।