फिरोजाबाद। गत दिवस शिकोहाबाद में हुई आयकर विभाग की बड़ी छापामार कार्रवाई से उद्यमी उबर नहीं पाए थे कि बुधवार को सेंट्रल एक्साइज द्वारा व्यापक स्तर पर हुई कार्रवाई ने उद्यमियों के होश उड़ा दिए। सुहाग नगरी में एक्साइज विभाग की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। एक साथ 16 इकाइयों पर इससे पहले कभी कार्रवाई नहीं हुई है।
गत दिनों शिकोहाबाद में तीन फर्मों में आयकर विभाग की टीमों द्वारा 18 घंटे तक लंबी कार्रवाई की गई, जिसमें पौने चार करोड़ की अघोषित आय का खुलासा हुआ। इस झटके से उद्यमी उबरे नहीं थी कि बुधवार को सेंट्रल एक्साइज द्वारा व्यापक स्तर पर शहर की 16 इकाइयों में एक साथ छापमार कार्रवाई की। सेंट्रल एक्साइज की टीम में सौ से अधिक अफसर शामिल रहे।
सूत्रों के मुताबिक टीम में जीएसटी विभाग के अफसर भी शामिल हैं। उन्होंने इकाइयों के रिकार्ड, कंप्यूटर, मोबाइल को कब्जे में लेकर देर रात तक रिकार्ड खंगाले। वहीं कई इकाइयों में कच्चा माल व तैयार माल का स्टॉक से मिलान भी कराया गया। देर रात तक चली कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अफसरों ने फैक्ट्री के अंदर पहुंचकर सभी रिकार्ड, आफिस, कंप्यूटर, लैपटॉप कब्जे में ले लिए। यहां तक मौजूद सेवायोजकों व स्टाफ के मोबाइल भी जब्त कर लिये, जिससे बाहर सूचना न जा सके।
गेट बंद कर देर रात तक खंगाले रिकार्ड
सेंट्रल एक्साइज के अफसरों ने इंडस्ट्रियल एरिया नगला भाऊ सहित विभिन्न स्थानों पर एकसाथ छापामार कार्रवाई शुरू की। कई स्थानों पर अफसरों ने फैक्ट्रियों के गेट अंदर से बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों को छोड़कर किसी को अंदर नहीं आने दिया गया और नहीं किसी को बाहर जाने दिया।
शहर के कुछ उद्यमियों से सेंट्रल एक्साइज द्वारा छापामार कार्रवाई किए जाने के संबंध में सुबह आठ बजे ही सूचना मिल गई थी। सूचना मिलने के बाद उद्यमियों ने पहले से ही फैक्ट्रियों में जरूरत कागजात हटा दिए थे। फिर भी घबराहट और बैचेनी का आलम रहा।
सूत्रों के अनुसार सेंट्रल एक्साइज विभाग ने जिन कारखानों में छापे की कार्रवाई की है उनमें ओके ग्लास, आलोक ग्लास, उमा ग्लास, जीटी ग्लास, गीता ग्लास, आईबी ग्लास, रचना ग्लास, एफएम, फारूखी ग्लास, पंकज ग्लास, फिरोजाबाद सिरेमिक, आदर्श कांच उद्योग, मार्डन ग्लास आदि शामिल हैं।